अधिकारियों के आश्वासन पर कांग्रेसियों की भूख हड़ताल खत्म
शामली। जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर झिंझाना के गाडीवाला बिजलीघर पर कांग्रेसियों ने धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की। ऊन तहसीलदार और एसडीओ ने समस्याओं का निराकरण कराने का प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कांग्रेसियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई।
किसानों एवं घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी, युवा प्रदेश महासचिव अश्वनी शर्मा (सींगरा), तेजपाल गुर्जर हथछोया एवं पप्पू नायक ने बिजली घर पर भूख हड़ताल शुरू कर दी, जबकि अन्य लोग उनके साथ धरने पर बैठ गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों के विद्युत कनेक्शन मात्र दस हजार रुपये बकाया राशि पर ही काटे जा रहे हैं। लॉकडाउन पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। बिजली के बिल जमा करने के लिए आए दिन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर घरेलू और नलकूपों के कनेक्शन काट रही है। युवा प्रदेश महासचिव अश्वनी शर्मा ने कहा कि नलकूपों के लिए किसानों ने पांच साल पहले इस्टीमेट जमा किए थे, लेकिन खंभे, तार एवं विद्युत उपकरण आदि उपलब्ध नहीं कराए गए। कांग्रेस नेता तेजपाल गुर्जर ने कहा कि किसान व मजदूर वर्ग बेहद परेशान है। एसडीओ ने अपने स्तर की समस्याओं का तीन-चार दिनों में समाधान करने का आश्वासन दिया। धरने पर जावेद खान, मास्टर जितेंद्र कश्यप, धर्मवीर शांडिल्य, शोएब काजी, अमित तोमर, रूपक मछरोली, राजेंद्र गोल्डी, सत्यवान चौधरी, मुरसलीन, विशाल शर्मा, सुरेश सैनी, चौधरी रणबीर सिंह, सुभाष शर्मा, रूलहा वर्मा आदि मौजूद रहे।