‘लक्ष्यों के अनुसार पूर्ण कराएं विकास कार्य’
शामली। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम जसजीत कौर ने अधिकारियों को आवंटित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने सीएमओ से चिकित्सकों, दवाइयों की उपलब्धता, एंबुलेंस की स्थिति एवं टीकाकरण की जानकारी। कहा कि जहां पर भी समस्या हो उसे दुरुस्त कर लिया जाए। समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, दिव्यांग की जानकारी ली। बताया गया कि सामूहिक विवाह योजना में कोई लक्ष्य प्राप्त नहीं है। वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं में 33 हजार 373 लाभार्थियों को प्रथम किस्त दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत आठ करोड़ 34 लाख की धनराशि लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है। डीएम ने जल निगम द्वारा पेयजल मिशन के अंतर्गत पाइप पेयजल योजना की समीक्षा की। कृषि विभाग से उर्वरकों एवं बीज की उपलब्धता, जिला पूर्ति अधिकारी से खाद्यान्न वितरण के संबंध में पूछा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं खरीद अधिक हुई थी और भुगतान भी हो गया है। शामली गेहूं खरीद में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी को गन्ना मूल्य भुगतान तेजी से कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एडीएम अरविंद कुमार सिंह, सीएमओ संजय भटनागर, डीएफओ संजीव कुमार, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी आदि मौजूद रहे।