- विद्यालयों में हुए कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को बताया हिंदी का महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के शिक्षण संस्थानों में बृहस्पतिवार को हिंदी दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की निबंध व भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। इस दौरान विद्यार्थियों को हिंदी का महत्व बताते हुए इसके प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
श्री सत्यनारायण इंटर काॅलेज शामली में अंतर विद्यालय निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। हमारे दैनिक जीवन में हिंदी भाषा की उपयोगिता विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में लगभग 500 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता तीन वर्गों में सीनियर, जूनियर व सब जूनियर वर्ग में हुई। प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने कहा कि हमें अपनी मातृ भाषा व राष्ट्रीय भाषा हिंदी को उन्नत बनाना है।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आचार्य नीटू कश्यप ने हिंदी की राष्ट्रीय आवश्यकता बताते हुए कहा कि संस्कृति और राष्ट्रीयता का अस्तित्व भाषा है। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता किशोर व तरुण वर्ग में हुई। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा ने कहा कि भाषा ही एक ऐसा माध्यम है जो समूचे देश को आपस में जोड़ने का कार्य करती है।
ओशोदीप पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हिंदी विषय की उपयोगिता व इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर आयोजित विद्यार्थियों ने स्वरचित सस्वर पाठन और कविता प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रधानाचार्या प्रियंका मित्तल ने बताया कि हिंदी हमारे संविधान की अधिकारिक भाषा है। हमें इसे सीखना, उसका सदुपयोग करना चाहिए। सरतीदेवी राजाराम पब्लिक स्कूल में भी हिंदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वीवी इंटर कॉलेज शामली में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के पांचवें एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत हिंदी दिवस पर व्याख्यान माला और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा, प्रधानाचार्य एसके आर्य व उप प्रबंधक शिवचरण संगल ने भारत मां के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। सहायक अध्यापक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि हिंदी व्यक्ति को व्यवहारिक जीवन के जीने की कला सिखाती है। निबंध प्रतियोेगिता में शिवम प्रथम, गौरव द्वितीय और जितेंद्र ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वीवी पीजी कॉलेज में हिंदी विभाग की तरफ से हिंदी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर डॉक्टर सुधीर कुमार व प्रोफेसर डॉ. नीना छोकरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर निबंध व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी अवसर पर विभागाध्यक्ष गिरीश नारायण यादव, नारायण सिंह, डॉ. छवि, डॉ. अनुप्रीता, ऋचा भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल में हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों को शपथ दिलाई कि हम सब ये आश्वासन देते है कि हम सभी अपने जीवन में हिंदी भाषा का प्रयोग अपने कार्यस्थल और अपने जीवन में अपनाएंगे। इस अवसर पर प्रधानाचार्या मीनू संगल, उप प्रधानाचार्य रविंद्रपाल सिंह मलिक, भावना शर्मा, अंजू मलिक, शालिनी गर्ग, सतीश जैन, अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे। बीएसएम स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा में हिंंदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिंदी अध्यापिका प्रीति मलिक ने विद्यार्थियों को हिंदी के महत्व को बताते हुए अपनी भाषा का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य राहुल चौधरी ने कहा हिंदी विश्व की सबसे प्राचीन सरल व समृद्ध भाषाओं में से एक है, जो हमारे देश की विविधता को एकजुट करती है। इस अवसर पर प्रबंधक छाया सिंह चेयरमैन सूर्यवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
श्री सत्यनारायण शिशु मंदिर रेलवे रोड पर हिंदी दिवस पर सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने हिंदी भाषा का महत्व बताया। इस अवसर पर दिनेश दीक्षित, कृष्ण शर्मा, पारूल बंसल आदि मौजूद रहे।
- शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया हिंदी का महत्व
ऊन। होली हेवन स्कूल में हिंदी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर चतुर्वेदी मलिक, मैनेजर अंकुर राणा व प्रधानाचार्य पंकज कंसल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि हमें आज के दिन अपने आपको गौरवान्वित महसूस करना चाहिए। हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है और प्रत्येक भारतीय को अपनी भाषा पर गर्व होना चाहिए। इस अवसर पर ओमकार दत्त, सुधीर कुमार, गुलाम, निशु, रेनू मलिक, अनीता देवी, निधि, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।