ऊन। कस्बा ऊन में करोड़ों की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग तैयार हो गई है। मंगलवार को पीएचसी ऊन का स्टाफ नये भवन में शिफ्ट हो जाएगा। इससे मरीजों को काफी लाभ मिलेगा।
सरकार के द्वारा ऊन गागोर रोड पर सीएचसी का निर्माण कार्य लगभग डेढ़ वर्ष से कराया जा रहा था, जो अब पूरा हो गया है। इसको हैंडओवर करने से पहले डीएम के द्वारा स्वास्थ्य विभाग के जेई ऋषिपाल गौतम को गत 22 नवंबर को जांच के लिए भेजा था। जांच में सभी कार्य सही पाए जाने पर भवन स्वास्थ्य विभाग को हैैंडओवर कर दिया गया।
जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ऊन पीएचसी से दवाई व अन्य समान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गया है। ऊन ब्लाक के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन को विभाग द्वारा हैंड ओवर कर दिया गया है।
नये भवन में अभी कर्मचारियों के लिये आवास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। जिसके कारण जच्चा-बच्चा केंद्र पुरानी पीएचसी पर ही कार्य करेगा। मंगलवार से नये भवन में ओपीडी का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नये भवन में मरीजों के लिए 30 बेड की व्यवस्था होने से उपचार के लिये बेहतर सुविधाएं भी मिलने लगेगी।