संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान एक जुलाई से
शामली। कोरोना के साथ इस बार अन्य संक्रामक रोगों को नियंत्रित रखना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती होगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा।
जनपद पहले ही कोरोना संक्रमण की चपेट में चल रहा है। अब बरसात शुरू होने वाली है। जलभराव के कारण मच्छर पैदा होने से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी रहेगा। इस समय स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण को रोकने और बचाव में जुटा हुआ है। ऐसे में इस बार अन्य संक्रामक रोगों पर नियंत्रण पाना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती होगा। शासन स्तर से संक्रामक रोगों की रोकथाम की तैयारी के निर्देश दिए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय कुमार ने बताया कि सोमवार को जूम एप से वेबिनार में लखनऊ से वीबीडी संचारी रोग के डायरेक्टर मिथलेश चतुर्वेदी, ज्वाइंट डायरेक्टर डा. विकास सिंघल ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान में करीब 11 अंतर विभाग भी शामिल रहेंगे। नोडल स्वास्थ्य विभाग ही रहेगा। इस बार स्वास्थ्य टीमें जागरूकता रैली और लोगों से मीटिंग आदि में सोशल डिस्टेंस का पालन करेंगी। सभी अंतर विभागीय अधिकारियों को 28 जून तक माइक्रोप्लान तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि एक जुलाई से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान शुरू कर दिया जाएगा। वेबिनार में डीएमओ विनय कुमार, एसीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा, डीपीएम आशुतोष, सुबोध गौतम, रवि कुमार, राजेश, फईम, दिलशाद आदि शामिल हुए।
पालिका ने फागिंग और सफाई शुरू की
शामली। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बरसात में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए नाली और नालों की सफाई का काम तेजी से चल रहा है। मच्छरों से बचाव के लिए फोगिंग शुरू करा दी गई है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन का काम भी चल रहा है।