क्रय केंद्र के बाहर लगी वाहनों की लाइन और हंगामा करते िकसान।
- फोटो : amar ujala
शामली में अपर दोआब शुगर मिल के मेरठ रोड स्थित काबडौत गांव के बाहर गन्ना क्रय केंद्र पर जमकर हंगामा हो गया। किसानों का आरोप था कि क्रय केंद्र पर घटतौली हो रही है, लेकिन मिल अधिकारियों ने घटतौली के आरोपों को बेबुनियाद बताया। वहीं, क्रय केंद्र का कांटा खराब होने की वजह से करीब चार घंटे तक तौल बंद रही, जिस वजह से मेरठ करनाल हाइवे पर गन्ना लदे वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई।
सोमवार सुबह जब काबड़ौत गन्ना क्रय केंद्र से जुड़े गांवों के किसान ट्रैक्टर ट्राली और भैंसा बुग्गी में गन्ना लादकर क्रय केंद्र पर पहुंचे, तो वहां गन्ना तौल बंद मिली। तौल केंद्र पर कार्यरत लोगों ने बताया कि कांटा खराब हो गया है, जिस कारण तौल नहीं हो पाएगी। इसके बाद गन्ना क्रय केंद्र से लेकर बाहर मेरठ-करनाल हाइवे पर गन्ना लदे वाहनों की लाइन लग गई, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या भी पैदा हो गई। वहीं, किसानों घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया। क्रय केंद्र पर हंगामा प्रदर्शन की सूचना पर शुगर मिल से अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसानों को समझाया कि घटतौली नहीं हो रही है तथा कांटा खराब होने की वजह से तौल नहीं हो सकी।
इसके बाद तकनीकी टीम बुलाकर कांटा ठीक कराया गया, तब जाकर करीब 12 बजे क्रय केंद्र पर तौल शुरू हो सकी। इस दौरान परविंद्र, वीरेंद्र, योगेंद्र, चौधरी सतबीर सिंह, रवींद्र, अशोक, दिलावर सिंह, योगराज सिंह, हरिकिशन आदि मौजूद रहे। उधर, शुगर मिल के गन्ना निरीक्षक केपी सिंह का कहना है कि काबडौत गन्ना क्रय केंद्र का कांटा दो दिन से खराब चल रहा था। सोमवार सुबह भी पहली बुग्गी तौलने के दौरान ही दिक्कत सामने आई, जिसके बाद शामली से मैकेनिक भेजकर कांटा ठीक करा दिया गया।