शामली में तहसील का निरीक्षण करते मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में सहारनपुर मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने थानाभवन क्षेत्र के गांव जाफरपुर का निरीक्षण किया। गांव में पशु टीकाकरण न कराए जाने और पशु चिकित्सालय में अव्यवस्थाएं होने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का आदेश दिया। वहीं, शामली तहसील में निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार में राजस्व वसूली का रिकार्ड व्यवस्थित न होने पर कड़ी नाराजगी जताई।
शुक्रवार को मंडलायुक्त निरीक्षण करने पहुंचे। थानाभवन स्थित पशु चिकित्सालय में अलमारी रस्सी से बंधी मिली तथा भवन की छत भी खराब हालत में थी। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर भूपेंद्र सिंह से कहा कि चिकित्सालय का आपने कितनी बार निरीक्षण किया है। वहीं, ब्लाक कार्यालय के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके बाद उनका काफिला लोहिया ग्राम जाफरपुर में विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचा। गांव में तालाब, नाली, खड़ंजे, सड़क, पानी की निकासी, तालाब में ठीक प्रकार से होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही बिजली के खंभों की तीन रंग में पुताई और कूड़ादान सड़कों पर रखकर सौंदर्यीकरण आदर्श गांवों में विकसित करने पर ग्राम प्रधान को बधाई दी।
पशुओं के टीकाकरण की जानकारी करने पर ग्रामीणों ने बताया कि टीकाकरण नहीं हुआ है। जिस पर मंडलायुक्त ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने तहसील शामली कार्यालय का निरीक्षण किया।
भू अभिलेखागार कार्यालय में बिजली फिटिंग पर आपत्ति व्यक्त करते हुए इंवर्टर बैटरी युक्त प्रकाश व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
उन्होंने तहसील संग्रह कार्यालय का निरीक्षण करते हुए प्रधान लिपिक अशोक टाक से राजस्व वसूली कम किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। आरसी जारी करने पर हुई संग्रह शुल्क सहित राजस्व वसूली की एंट्री रजिस्टर में सही नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई। चेतावनी देकर कहा कि अभिलेखों में इस प्रकार की पुनरावृृत्ति नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीएम सुजीत कुमार, सीडीओ वीके सिंह, एसडीएम सदर एमपी सिंह, तहसीलदार वीरेंद्र मित्तल, नायब तहसीलदार देवेंद्र पांडेय, सीओ सिटी निशांक शर्मा, सहायक अभियंता डीआरडीए दिनेश सिंघल आदि रहे।