बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन के साथ तीन संस्थाओं ने शामली जिले के थानाभवन में जरूरतमंदों क?
- फोटो : SHAMLI
जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए
थानाभवन/कांधला (शामली)। लॉकडाउन में गरीबों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने भोजन और राशन का वितरण कर मदद को आगे आए हैं।
थानाभवन में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से गरीब परिवारों के लिए बढ़ाए गए हाथों के साथ कई समाजसेवी संस्थाएं एवं समाजसेवी जुड़ने शुरू हो गए हैं। बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन के साथ तीन संस्थाओं ने गरीब लोगों को खाना खिलाया। भ्रष्टाचार विरोधी संगठन ने बृहस्पतिवार को कस्बे में अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मिलकर गरीब परिवारों को भोजन वितरित किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानचंद ने बताया कि संस्था की तरफ से 600 पैकेट खाना गरीब परिवारों को वितरित किया। इस मौके पर मोहम्मद राशिद, सुमेर चंद सैनी, मोहम्मद कफील, पंकज कुमार, करमचंद योगी आदि मौजूद रहे। अग्रवाल युवा समागम ने बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन के साथ कस्बे के कई मोहल्लों में 150 गरीब लोगों को भोजन वितरित किया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारी शिवम गोयल ने बताया कि वह हर रोज इन 150 लोगों को खाना बांटेंगे। समाजसेवी अनमोल गर्ग भी अमर उजाला फाउंडेशन के साथ जुड़े। इस दौरान उन्होंने कस्बे के युवाओं के साथ मिलकर 800 लोगों को भोजन वितरित किया। उन्होंने कहा कि इस समय में गरीब परिवार की सेवा करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
कांधला में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में सात गरीब परिवार के 26 लोगों को भोजन वितरित किया गया। यहां रहने वाले अंबाला निवासी राकेश, सोनू का कहना है कि उनका परिवार यहां मजदूरी करने के लिए आया था, लेकिन लॉकडाउन के बाद से उनके सामने खाने की भी परेशानी बन गई थी। अमर उजाला फाउंडेशन की टीम ने उनकी परेशानी का समाधान किया।