शामली। सीएचसी पर ओपीडी में चिकित्सकों के नदारद रहने की शिकायतों को लेकर शासन ने सीएमओ को ऑनलाइन चिकित्सकाें की उपस्थिति और ओपीडी का हॉल रोज देखने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को जिले की सीएचसी का हाल जाना।
सीएचसी शामली चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास, डॉ. उपकार मलिक, डॉ. बिजेंद्र सिंह, डॉ. अनुपम सक्सेना समेत सभी चिकित्सक मौजूद मिले। ओपीडी में मरीजों की जांच कर उपचार दिया। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि ओपीडी में सभी चिकित्सक मौजूद रहे।
कैराना सीएचसी पर डाॅ. अंसार व डाॅ. जुल्फिकार ने ओपीडी में मरीजों की जांच कर उन्हें दवा देेते हुए मिले। शुक्रवार को करीब 300 मरीजों ने ओपीडी में अपना उपचार कराया। थानाभवन सीएचसी पर चिकित्साधीक्षक समेत चार चिकित्सक मौजूद मिले। चिकित्साधीक्षक डॉ. नवजीत बेदी ने बताया कि एक चिकित्सक ट्रेनिंग पर गए हैं।
कांधला सीएचसी पर कई मरीज दांत के उपचार के लिए पहुंचे लेकिन मौके पर दंत चिकित्सक न मिलने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर रामबीर सिंह ने बीमार बच्चों का उपचार कर दवा दी। सुबह 11 बजे तक 27 मरीज की जांच कर उपचार दिया जा चुका था। मोहल्ला खैल निवासी नूरदीन एक्सरे करवाने के लिए गया था। लेकिन एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पाने के कारण पीड़ित को लौटना पड़ा।
शासन ने रोजाना सुबह साढ़े दस बजे सभी सीएचसी के अधीक्षकों से जूम एप पर ऑनलाइन मीटिंग करने के निर्देश दिए हैं। एक सप्ताह से रोजाना ऑनलाइन मीटिंग कर ओपीडी में चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों की संख्या आदि की जानकारी ली जा रही है। साथ ही शासन से प्राप्त होने वाले दिशा-निर्देशों से चिकित्सकों को अवगत कराया जा रहा है। अभी तक किसी सीएचसी पर कोई अनियमितता सामने नहीं आई है।
- डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमओ शामली।