शामली के हनुमान धाम रोड पर बरसात में छाता लगा कर मंदिर से जाती महिलांए । संवाद
शामली। जिले में सुबह से शाम तक बादल छाये रहे। बीच-बीच में बारिश की हल्की फुहार चलने से मौसम सुहाना बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
जिले में कई दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद सोमवार को मौसम में बदलाव आया। सुबह को काले घने बादल छाये रहे , जिससे तेज बारिश की संभावना बन गई थी, लेकिन कुछ देर तक बारिश के स्थान पर हल्की फुहार पड़ी। पूरे दिन बादल छाये रहे और धूप न निकलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बीच-बीच में थोड़ी-थोड़ी देर के लिए फुहारें चलने से मौसम सुहाना बना रहा। बूंदों से बचाव के लिए बाजार और सड़कों पर महिलाएं छाता लगाकर जाते हुए दिखाई दी। पिछले 24 घंटे में तापमान की स्थिति देखे तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम मिश्रित रहने और बारिश होने के आसार हैं।