शामली। एसपी रामसेवक गौतम ने कहा कि कोई भी एजेंसी रात में ड्रोन से सर्वे नहीं करेगी। इसके अलावा जिले में पुलिस की अनुमति के बिना कोई भी व्यक्ति ड्रोन नहीं उड़ा सकेगा। अगर किसी ने बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाया या अफवाह फैलाई तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में आसमान में ड्रोन उड़ने की शहर से लेकर देहात में सूचनाएं मिल रही हैं। ड्रोन को लेकर लोगों में दहशत बनी है। इसे लेकर एसपी ने कहा कि अभी तक कहीं पर भी ड्रोन उड़ने की घटना सामने नहीं आई है। अभी तक जहां भी सूचनाएं मिली हैं, वे सिर्फ अफवाह निकली हैं। ड्रोन उड़ने, चोरी की झूठी सूचनाएं देने और चोर के शक में मारपीट करने के मामले में अब तक कैराना में दो और कांधला में पांच लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शासन ने गाइड लाइन जारी की है कि अब कोई भी एजेंसी रात में ड्रोन से सर्वे नहीं करेगी। जिले में जिनके पास ड्रोन है, उनका सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस की अनुमति के बिना कोई ड्रोन नहीं उड़ाएगा। अगर किसी ने बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाया या अफवाह फैलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।