शामली। शहर में ई-रिक्शा और टेंपो चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। रविवार को वर्मा मार्केट के बाहर, फव्वारा चौक और धीमानपुरा रोड पर जाम लगा रहा और वाहन चालक इससे जूझते रहे।
विज्ञापन
ई-रिक्शा चालक सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारियां बैठाने और उतारने लगते हैं। इससे वाहनों की कतार लग जाती है और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। रूट तय होने के बाद भी चालक इसका पालन नहीं कर रहे हैं।
कई चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में सड़क पर आड़े-तिरछे ई-रिक्शा खड़े कर देते हैं। इससे बाइक और कार सवारों को निकलने में मशक्कत करनी पड़ती है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग भी जाम में फंस जाते हैं। स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट और स्टैंड बनवाने की मांग की है।
विज्ञापन
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही सवारियां बैठाने और उतारने के निर्देश दिए जाएंगे। यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।