शामली। चुनाव में लगी ड्यूटी को कटवाने के लिए मोबाइल पर धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगी हुई है।
दिनेश कुमार सहायक अभियंता जिला ग्रामीण विकास अभिकरण शामली ने थाना आदर्श मंडी में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार की शाम उनके मोबाइल पर एक फोन आया और फोन करने वाले खुद को कुलदीप मलिक जिला विद्यालय निरीक्षक का पीटीआई बताया। आरोप है कि वह अपनी बहन की ड्यूटी के बारे में पूछने लगा और बाद में कटवाने की बात कहने लगा। आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में महसूस रहा था। जिसके बाद सहायक अभियंता ने फोन काट दिया।
आरोप है कि उसके बाद लगातार कुलदीप के द्वारा उनको फोन कर परेशान किया गया। पुलिस ने सहायक अभियंता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 171 ग/छ, 186 धमकी देना, 507 व लोक प्रतिनिधि अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी साहब सिंह के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।