निमोनिया की चपेट में आए बच्चे
शामली। जनपद में बारिश के बाद से एक सप्ताह से लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। बढ़ती ठंड के कारण बच्चे वायरल बुखार, निमोनिया, जुकाम और खांसी की चपेट में आ रहे हैं। इसके चलते सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी हुई है।
पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दो दिन तक जनपद में बारिश हुई थी। बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से मौसम ठंडा हो गया था। इसके बाद से लगातार तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश से पहले न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा था। बारिश के बाद से गिरावट के चलते बृहस्पतिवार को तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम में बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। बच्चे वायरल बुखार, निमोनिया, सर्दी, जुकाम, खांसी की चपेट में आ रहे हैं। बड़ी उम्र के लोगों को जोड़ों में दर्द की शिकायतें हो रही है। सिर दर्द और गले में खरास के मरीज भी अस्पताल में पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव के साथ वायरल का प्रकोप भी बढ़ा है। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डा. रमेशचंद्रा का कहना है कि मौसम में बदलाव का असर स्वास्थ्य पर पड़ता है। ठंड बढ़ने से नजला, सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीज बढ़े हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डा. वेद भानू मलिक ने बताया कि वायरल फीवर पिछले महीने कम हुआ था, लेकिन ठंड बढ़ने पर फिर से वायरल बुखार के मरीज बढ़ गए है। इसके अलावा ब्रेंकोलाइटिस, नजला, जुकाम और खांसी के मरीज बढ़ गए हैं।
वायरल डायरिया के भी केस आने लगे
चिकित्सकों के मुताबिक ठंडे मौसम में वायरल फीवर, नजला, जुकाम निमोनिया के साथ ही बच्चों में वायरल डायरिया के भी केस आने शुरू हो गए हैं। पांच साल तक के बच्चों में वायरल डायरिया होने की संभावना ज्यादा रहती है। बच्चों को ठंड से बचाकर रखना ही बेहतर उपाय है।
ठंड से बचाव और सावधानियां
ठंड से बचने के लिए गर्म ऊनी कपड़े पहने।
शरीर को अधिक से अधिक ढकने वाले कपड़े पहने।
ठंडी चीजों का सेवन न करे।
साफ एवं ताजा पानी पीएं, रखा हुआ ठंडा पानी न पीएं।
बच्चों को गुनगुने पानी में नहलाएं। बार-बार ठंडे पानी में हाथ न भिगोए।
बीमार होने पर चिकित्सक की सलाह लेकर उपचार कराएं।
कोट
ठंड के मौसम में स्वास्थ्य के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। इसमें लापरवाही होने से ठंड की चपेट में आने का खतरा रहता है। सर्दी से बचाव ही सबसे बेहतर उपाय है। ठंड लगने से निमोनिया, सर्दी, जुकाम, खांसी, सिर दर्द आदि की शिकायतें ज्यादा होती है। अभी ठंड की शुरूआत है। जनपद में इसका अभी ज्यादा असर नहीं पड़ा है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज की सुविधा और पर्याप्त दवाएं उपलब्ध है।
-डा. संजय भटनागर, सीएमओ।
शामली के नर्सिंगहोम में भर्ती बीमार बच्चा।- फोटो : SHAMLI
शामली के नर्सिंगहोम में भर्ती बीमार बच्चा।- फोटो : SHAMLI