लगातार बढ़ रहे पारे ने लोगों को दुश्वारियां बढ़ा दी है। चिलचिलाती धूप से जहां लोग घरों में दुबकने को मजबूर है, वहीं पछुआ हवाओं के थम जाने से भीषण गर्मी से लोग हलकान हो रहे है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
भीषण गर्मी होने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पछुआ हवाएं भी मंगलवार को थम गई। सुबह दिन निकलते ही पारा बढ़ना शुरू हो गया। दोपहर होते दिन में भीषण गर्मी के साथ लोग हलकान रहे। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप के कारण दिन में लोगों ने बाजारों में खरीददारी करना छोड़ दिया है। तपती दोपहरी के कारण बाजार सूने हो जाते है। शाम चार बजे के बाद बाजारों में रौनक बढ़ती है। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही ने बताया कि मई में गर्मी बढे़गी। लू चलने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। विश्वविद्यालय मृदा विभाग के अध्यक्ष डाक्टर अशोक कुमार अहलुवालिया ने बताया कि गर्मी बढ़ने से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। हालात बिगड़ने पर तुरंत डाक्टर का सुझाव लें।