ऊन। अवैध खनन के रेत से भरे डंपर को छोड़ने के मामले में चौसाना चौकी प्रभारी पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। एसडीएम ऊन द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद कोई जवाब नहीं देने पर चौकी प्रभारी के खिलाफ एसडीएम ने विभागीय कार्रवाई किए जाने के संबंध में रिपोर्ट भेजी है।
झिंझाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन जारी है। रेत खनन होने के बाद यहां से रेत सहारनपुर मुजफ्फरनगर, शामली में सप्लाई किया जाता है। गत 17 फरवरी को चौसाना पुलिस ने रेत से भरे दो डंपर पकड़ लिए थे। जिन्हें साठगांठ कर बाद में छोड़ दिया गया था। डीएम ने एसडीएम ऊन को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे।
एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी ने चौसाना चौकी इंचार्ज पंकज शर्मा को तीन दिन के अंदर अपना पक्ष रखने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन चौसाना चौकी इंचार्ज के द्वारा इस मामले में कोई भी पक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर एसडीएम ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। एसडीएम ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने जबाव नहीं दिया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।