थानाभवन। बहला फुसलाकर किशोरी को अगवा करने के मामले में पुलिस ने एक लड़की सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार को किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शनिवार को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 16 जून को पड़ोस की ही एक लड़की उसकी नाबालिग बेटी को किसी बहाने से बुलाकर अपने घर ले गई। इसके बाद लड़की के भाई सोनू ने अपने भाई, बहन व पिता के साथ मिलकर उसकी नाबालिग बेटी को अगवा कर लिया। पहले दिन आरोपी युवक के पिता ने शाम तक लड़की को बरामद कर देने का भरोसा दिया था। लेकिन, जब रात तक बेटी नहीं मिली तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शनिवार रात गांव के आरोपी, उसके भाई, बहन और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। रविवार सुबह के समय पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।