शामली। लॉकडाउन-4 में अधिकांश दुकानें खोलने की छूट मिल गई है। ईद भी नजदीक है, संभावना है कि अगले तीन चार दिन बाजारों में ईद की खरीदारी के लिए काफी भीड़ रहेगी। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना पुलिस के लिए बड़ी होगी।
ईद पर सबसे ज्यादा भीड़ रेडीमेड गारमेंटस, कपड़ा, सूट, साड़ी और जूते चप्पल की दुकानों पर होती है। ये दुकानें सप्ताह में तीन दिन सोमवार बुधवार और शुक्रवार को खुलेंगी। शुक्रवार को जुमा अलविदा भी है। उम्मीद है कि शुक्रवार से इन दुकानों पर ईद की खरीदारी भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। हालांकि पुलिस भी मान रही है कि अगले कुछ दिनों में बाजार में भीड़ बढे़गी। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना दुकानदार की भी जिम्मेदार है। बेहतर होगा कि वे ग्राहकों में सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। दुकान के अंदर भीड़ लगाने वालों पर कार्रवाई होगी। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों से कह दिया गया कि वह बाजारों में निगरानी बढ़ाएं। मुंह पर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग सबसे ज्यादा जरूरी है।