होटल के बाहर खड़ी छात्रों की नौ बाइकों के चालान
थानाभवन (शामली)। एक स्कूल के छात्रों की खड़ी नौ बाइकों का एआरटीओ ने चालान कर दिया। छुट्टी के बाद स्कूल प्रशासन ने बच्चों को एआरटीओ द्वारा चालान किए जाने की जानकारी दी।
थानाभवन के एक स्कूल में गांव देहात से आने वाले छात्र वाहन व्यवस्था न होने के कारण स्कूल में अपनी बाइक से आते हैं। बुधवार को छात्रों की बाइक स्कूल के पास स्थित एक होटल के बाहर खड़ी थी। एआरटीओ ने वहां खड़ी नौ बाइकों का चालान कर दिया। जब छात्र स्कूल की छुटटी के बाद बाइक लेने पहुंचे, तो उन्हें चालान होने का पता चला। एआरटीओ शामली मुंशी लाल ने बताया कि बच्चे स्कूल में यातायात नियमों को ताक पर रखकर बाइकों से आते हैं, जो हेलमेट तक नहीं लगाते। बच्चे स्कूल की पार्किंग में बाइकें खड़ी न करके पास के एक होटल के बाहर खड़ी का जा रही थी। बाइकों को स्कूल प्रशासन को सौंप दिया गया है। एआरटीओ ने बताया कि थानाभवन बजाज शुगर मिल के लिए गन्ने की ढुलाई करने वाले गन्ने से लदी दो ट्रैक्टर-ट्राला को ओवरलोडिंग के आरोप में चालान कर दिया। अधिकारी ने ट्रालों को थाना पुलिस को सौंप दिया।
आग से पांच बीघा गन्ना जला
थानाभवन। गांव मंटी हसनपुर निवासी कृष्णपाल ने थाने में तहरीर दी कि मंगलवार शाम अज्ञात शरारती तत्वों ने फसल में आग लगा दी। आग की लपटे देख ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पंप आदि से पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिस पर एसडीएम को शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। इस पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित का कहना है कि तीन वर्ष पूर्व भी पीड़ित के खेत में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी, जिसमें फसल जलकर बर्बाद हो गई थी।
छात्रों का चालान करने पर परिजनों का हंगामा
थानाभवन। थानाभवन क्षेत्र के एक स्कूल में मंगलवार को दो छात्रों के गुटों में विवाद हो गया था, जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से करीब 12 से अधिक छात्रों को पकड़कर थाने में बैठा लिया था। मामले में पुलिस ने आठ छात्रों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। बुधवार को भैंसानी इस्लामपुर और सोहजनी उमरपुर के छात्रों के परिजनों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि पुलिस ने एक पक्ष के छात्रों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। जबकि उनके बच्चों का शांति भंग में चालान कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। थाना प्रभारी संदीप बालियान का कहना है कि मारपीट करने वाले छात्रों का चालान किया गया है।