शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव काबड़ौत में मारपीट में घायल सेना के जवान की उपचार के मौत के मामले में किशोर समेत तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार हुए दो आरोपी और हिरासत में लिए किशोर का चालान कर दिया।
गांव काबड़ौत निवासी सेना का जवान आर्यन एक माह की छुट्टी पर घर आया हुआ था। तीन दिन पहले किसी बात को लेकर हुए विवाद में उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया था। घायल का मेरठ अस्पताल में उपचार चल रहा था। इस मामले में आर्यन की तरफ से गांव के अभिषेक, ओमवीर और एक किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान आर्यन की मेरठ अस्पताल में मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मारपीट की दर्ज रिपोर्ट में गैर इरादतन हत्या की धारा को बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और किशोर को हिरासत में ले लिया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल डंडा बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।