शामली। अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण द्वारा चेयरमैन के खिलाफ केस दर्ज कराए जाने पर अब सभासदों ने भी चेयरमैन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नामित सभासदों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर चेयरमैन पर पद का दुरुपयोग कर वित्तीय अनियमितता करने का आरोप लगाया है।
पूर्व में इसकी शिकायत शासन में की गई थी, जिसके बाद शासन ने जांच आख्या के लिए सात बार रिमाइंडर भी भेजा है। नामित सभासद महबूब राणा, गुलजार मंसूरी और सुभाष कश्यप ने जिलाधिकारी को पत्र देकर कहा कि वित्तीय अनियमितता के बारे में अप्रैल 2015 से शिकायतें की हुई हैं।
उसके बाद ही उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव शैलेंद्र कुमार सिंह ने गत माह 10 फरवरी को निदेशक स्थानीय निकाय को इस बारे में पत्र भेजा, जिसमें कहा गया कि नगर पालिका परिषद चेयरमैन अरविंद संगल के खिलाफ शिकायतों की जांच आख्या भेजी जाए।
साथ ही यह भी कहा कि उक्त प्रकरण में नामित सभासद सुभाष कश्यप ने हाईकोर्ट में रिट भी दायर की हुई है, जिसमें शीघ्र ही कोर्ट में जवाब देना है।
विशेष सचिव ने कहा कि इस प्रकरण में सात रिमांडर भेजे गए हैं। इससे पूर्व में निदेशक स्थानीय निकाय अविनाश कृष्ण सिंह ने 21 जनवरी 2016 को जिलाधिकारी शामली को पत्र भेजकर नगर पालिका चेयरमैन के खिलाफ शिकायतों की जांच पूरी करके आख्या भेजने का निर्देश दिया था।