कैराना लोकसभा चुनाव की 23 मई को नवीन मंडी स्थल में मतगणना होगी। जिसकी तैयारी के लिए जिला प्रशासन जुटा हुआ है। इस बार मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। सीसीटीवी कैमरे मतगणना पंडाल में लगाए जाएंगे। जिनके द्वारा हर जगह निगरानी रखी जाएगी। मतगणना के दौरान सभी विधानसभाओं के पहला राउंड खत्म होने के बाद दूसरे राउंड की गिनती शुरू होगी।
शहर के भैसवाल रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी स्थल में कैराना लोकसभा चुनाव की होने वाली मतगणना के लिए दो दिन शेष हैं। 23 मई को होने वाली मतगणना की तैयारी के लिए सुरक्षा व्यवस्था के हिसाब मतगणना स्थल के पंडाल मंडी के निलामी चबूतरों के मुख्य गेट और परिसर से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। डीपीआरओ अरुण अत्री के मुताबिक मतगणना के लिए उनसे 60 डिजीटल कैमरे मांगे गए हैं। जिनसे मतगणना पंडाल की फोटोग्राफी कराई जाएगी। मतगणना पंडाल के लिए 20 कैमरे जिले के उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ रहेंगे। 23 मई को होने वाली हर विधानसभा की मतगणना राउंड वार होगी। सभी विधानसभा का पहला राउंड खत्म होने के बाद दूसरा राउंड की गिनती शुरू होगी।
कैराना लोकसभा चुनाव की मतगणना शामली और सहारनपुर में होगी
शामली। 23 मई को मंडी स्थल पर बनाए गए स्ट्रांग रूम प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोले जाएंगे। कैराना लोकसभा चुनाव की मतगणना शामली और सहारनपुर जिला मुख्यालय पर होगी। सहारनपुर जिले की गंगोह और नकुड़ विधानसभा की मतगणना सहारनपुर जिला मुख्यालय पर होगी। कैराना लोकसभा के गंगोह और नकुड़ विधानसभाओं की मतगणना के बाद नतीजों की जानकारी आरओ सहारनपुर से शामली जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अखिलेश कुमार सिंह को भेजी जाएगी। मतगणना के दिन सुबह सात बजे मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों, चीफ एजेंट, एजेंट को आना पड़ेगा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आज
शामली। कैराना लोकसभा चुनाव 2019 की मतगणना की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक कलक्ट्रेट में सुबह 11 बजे बुलाई गई। राजनीतिक दलों की बैठक में चुनाव मतगणना के संबंध जानकारी दी जाएगी।
मतगणना 2019 : विधानसभावार की टेबल का ब्योरा
कैराना लोकसभा के विधानवार बूथ
विधानसभा बूथ
कैराना 336
थानाभवन 346
शामली 317
गंगोह 424
नकुड़ 396