शामली। कोरोना संक्रमण काल में ईद-उल-अजहा के पर्व को लेकर प्रशासन ने गाइड लाइन जारी कर दी है। प्रशासन ने लोगों से अनलॉक के नियमों का पालन करने और सामूहिक रूप से नमाज अदा न करने का अनुरोध किया है। त्योहार मनाने को लेकर अमर उजाला ने मुस्लिम धर्म गुरुओं से बात की। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि सभी प्रशासन द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करें। शांति और सादगी के साथ ईद-उल-अजहा का त्योहार घरों पर ही मनाएं। ईद की नमाज भी घरों पर ही अदा कर कोरोना संक्रमण से बचाव को एहतियात बरतें।
--------
घरों पर ही ईद की नमाज अदा करें
ईद-उल-अजहा का त्योहार शांति एवं सादगी के साथ मनाएं। ईद की नमाज घरों पर ही अदा करें। कुर्बानी खुले में न करें। रास्तों, सड़कों, गलियों में अवशेष न डालें। शासन-प्रशासन ने जो गाइड लाइन जारी की है, उसका सभी लोग पालन करें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतें। मस्जिद में पांच लोग से ज्यादा एक साथ नमाज अदा न करें।
मौलाना शौकीन, शाही इमाम जामा मस्जिद बड़ा बाजार शामली।
--
गाइड लाइन का रखें ख्याल
ईद-उल-अजहा के त्योहार को लेकर सरकार ने जो गाइड लाइन जारी की है, उसका ख्याल रखते हुए सभी घरों पर त्योहार मनाएं। घर पर ही ईद की नमाज अदा करें। खुले में कुर्बानी न करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सादगी के साथ त्योहार मनाएं।
मौलाना अय्यूब, जिला सेक्रेटरी जमीयत उमेला ए हिंद।
--
साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें
सभी लोग सादगी के साथ ईद-उल-अजहा का त्योहार घर पर ही रहकर मनाएं। प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें। कुर्बानी खुले में न कर पर्दे में करें। शांति के साथ घर पर रहकर ईद की नमाज अदा करें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी एहितायत बरतें। सोशल डिस्टेंस का पालन करें। सामूहिक रूप से कोई कार्यक्रम न करें।
- मौलाना मोहम्मद आकिल, मोहतमिम जामिया बदरुल उलूम गढ़ी दौलत।