संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए आंसर शीट की स्कैन कॉपी, मार्क्स वेरिफिकेशन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया बुधवार से चल रही है। छात्रों को पहले चरण में ही आंसर शीट की स्कैन की गई कॉपी दी जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया होगी। इसके लिए आवेदन करना होगा।
सीबीएसई ने नई शिक्षा नीति में बदलाव किया है। पहले छात्रों को अंकों के मूल्यांकन के लिए आवेदन करने पर भी कॉपी नहीं मिलती थी, लेकिन अब छात्रों को पारदर्शी और मजबूत मूल्यांकन प्रणाली मिले इस उद्देश्य से यह पहल की गई है। जिला कोआर्डिनेटर आशु त्यागी ने बताया कि छात्र अपने प्रदर्शन को बेहतर तरीके से समझें और किसी गलती के संदेह होने पर वह चुनौती दे सकते हैं।
- ऐसे करें 12वीं के छात्र आवेदन
12वीं के छात्र-छात्रा 21 से 27 मई की रात 11.59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को 700 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके बाद जो छात्र दोबारा मूल्यांकन कराना चाहते हैं वे 28 मई से तीन जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क देना होगा।
- 10वीं के छात्र ऐसे करें आवेदन
10वीं के छात्र स्कैन कॉपी प्राप्त करने की प्रक्रिया 27 मई से दो जून रात 11.59 बजे तक आवेदन कर संकेगे। छात्रों को प्रत्येक विषय के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं दोबारा मूल्यांकन के लिए तीन से सात जून तक आवेदन करने होंगे। प्रति विषय 500 रुपये व प्रति प्रश्न 100 रुपये का शुल्क देना होगा।
- ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
छात्र सीबीएसई की वेबसाइट cbse.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। एक बार में ही सभी चरणों के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। दोबारा आवेदन की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऑनलाइन तरीके से शुल्क जमा होगा।