बड़ी माता मंदिर के दानपात्र से नगदी चोरी
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में गोशाला रोड पर स्थित बड़ी माता मंदिर में रात को दानपात्र के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली गई। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बुधवार सुबह बड़ी माता मंदिर में सुबह करीब साढ़े पांच बजे पंडित अशोक कुमार पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे। उन्होंने मंदिर में रखे दो बड़े दानपात्र के ताले टूटे हुए देखकर मंदिर समिति के लोगों को जानकारी दी। मंदिर में चोरी की सूचना पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। समिति के कोषाध्यक्ष देवानंद गौड़ ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई, जिसमें रात को करीब साढ़े 12 बजे दो युवक मंदिर में घुसकर एक दानपात्र का ताला तोड़कर नगदी चोरी करते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ दिया। तार तोड़ने के बाद दूसरे दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली गई। देवानंद गौड़ के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि दोनों आरोपी युवक मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच मंदिर में फर्श की पानी से धुलाई करने पहुंचे थे। उसी दौरान उन्होंने दो छोटे दानपात्र से भी नगदी चोरी की थी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान हो गई है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष देवानंद गौड़ की तरफ से घटना की तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मंदिर के दानपात्र के ताले तोड़कर नकदी चोरी की सूचना मिली है। घटना की जांच की जा रही है।