अजय पाठक के घर से लूटी गई नकदी और जेवर बरामद
शामली। भजन गायक अजय पाठक और उनके परिवार की हत्या के आरोपी हिमांशु ने पुलिस पूछताछ के दौरान कई खुलासे किए हैं। इस दौरान पुलिस ने उसे साथ लेकर दिल्ली में एक मकान से अजय पाठक के घर से लूटी गई दो लाख रुपये की नगदी और सोने चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी के खून और बाल के नमूने लेने के लिए कोर्ट से अनुमति लेगी।
पुलिस ने हिमांशु को 96 घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया हुआ है। उससे एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों और एसपी ने लंबी पूछताछ की। इसमें उससे कई अहम जानकारियां पुलिस के हाथ लगी है। उसे बताया कि वारदात के दौरान उसने नगदी और जेवरात भी लूटे थे। इसके बाद पुलिस उसे लेकर दिल्ली गई और नगदी और सोने चांदी के जेवर बरामद किए। यह वारदात के बाद अजय पाठक के घर से लूटे गए थे। पुलिस ने हिमांशु को साथ लेकर रोड मैपिंग भी की है। वह जिन स्थानों पर गया, उन स्थानों को वैरीफाई भी किया है।
वारदात में अजय पाठक की बेटी के हाथ में कुछ बाल मिले थे। पुलिस का मानना है कि यह बाल हत्यारोपी हिमांशु के हैं। इसके अलावा मौके से ब्लड भी मिला था, लिहाजा पुलिस अब हिमांशु के बाल और उसके ब्लड सैंपल के नमूने लेकर डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस कोर्ट में आवेदन करेगी। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस फूंक फूंक कर कदम रख रही है।