ऊन चीनी मिल रोड पर गागोर भट्ठे के पास खेत के किनारे खड़ी मृतक की कार।
- फोटो : SHAMLI
शामली। ऊन शुगर मिल रोड पर गागौर भट्ठे के पास बदमाशों ने कार चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के भाई ने दो युवकों पर साथियों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाते रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक आरोपी भाजपा जिलाध्यक्ष की कार के चालक का भाई है। घटना का पता चलने पर एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
गांव झिंझाना के मोहल्ला ब्रह्मणान निवासी राजकुमार शर्मा (48) मोहल्ले के ही गौरव की कार चलाता था। गौरव ने बताया कि राजकुमार मंगलवार शाम गांव दरगाहपुर में सवारी छोड़ने के लिए गया था। रात नौ बजे फोन पर उससे बात हुई थी। इसके बाद संपर्क नहीं हुआ। सुबह ग्रामीणों ने भट्ठे के पास उसका शव देखा। राजकुमार के सिर में गोली लगी हुई थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की सूचना पर कार का मालिक भी मौके पर पहुंचा। जांच करने पर कार में शराब की बोतल, नमकीन और एक स्वेटर भी मिला है।
सूचना पर पहुंचे एसपी नित्यानंद राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सर्विलांस टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तथा डॉग स्क्वॉड ने मौके पर जांच की। मृतक अविवाहित था। उसके भाई रामकुमार ने प्रदीप उर्फ टीनू पुत्र रामफल निवासी गांव दरगाहपुर व रोहित पुत्र धर्मवीर निवासी ताना पर अपने साथियों के साथ मिलकर राजकुमार की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
आरोपी प्रदीप उर्फ टीनू का भाई भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर की कार का चालक है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे को दो टीमें लगाईं गईं हैं। पता लगाया जा रहा है कि राजकुमार किस-किस से मिला था। उसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।