शामली। गन्ना भुगतान की मांग को लेकर ऊन चीनी मिल पर किसान 38 दिन से बेमियादी धरना दे रहे हैं, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। इस मामले से उत्तर प्रदेश योजना आयोग के सदस्य सुधीर पंवार ने लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अवगत कराया। उन्होंने लखनऊ से बताया है कि अगले दस दिनों में प्रदेश सरकार गन्ना मूल्य घोषित कर सकती है। इसमें 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
बुधवार को उन्होंने किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। बताया कि ऊन चीनी मिल ने 2015-16 के पेराई सत्र का किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया है।
किसान 38 दिन से चीनी मिल के बाहर बेमियादी धरने पर बैठे हैं। चीनी बिक्री के बावजूद मिल प्रबंधक इलाहाबाद उच्च न्यायालय में चले गए हैं। चीनी मिल की कार्यप्रणाली से किसान गुस्से में है। पंवार ने वर्ष 2016-17 के पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य घोषित करने का अनुरोध किया है।
इसके अलावा उन्होंने ऊन-गढ़ीपुख्ता-शामली मार्ग का निर्माण, ऊन एवं चौंदाहेड़ी मार्ग की मरम्मत का मुद्दा भी उठाया। पंवार ने लखनऊ से बताया कि अगले दस दिनों में प्रदेश सरकार गन्ना मूल्य घोषित कर देगी। उम्मीद है कि गन्ना मूल्य 10 से 20 रुपये तक बढ़ाया जा सकता है।
कहा कि मुख्यमंत्री ने सड़कों की मरम्मत कराए जाने का भी आश्वासन दिया है। शीघ्र ही इन पर भी काम शुरू कराया जाएगा। इसके बाद लोगांे को आवागमन में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।