कैंडल मार्च निकाला, हत्यारों की फांसी देने की मांग
शामली/जलालाबाद। हाथरस की बिटिया की हत्या को लेकर लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ ने ईओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा तथा जलालाबाद में कैंडल मार्च निकालकर हत्यारों को फांसी देने की मांग की गई।
ईओ को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि बिटिया की हत्या के बाद प्रशासन ने रात के अंधेरे में रीति रिवाजों के खिलाफ उसके शव का अंतिम संस्कार करा दिया। इससे वाल्मीकि समाज में रोष है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को यदि न्याय नहीं मिला तो स्वायत्त कर्मचारी महासंघ यूनिट नगर पंचायत बनत हड़ताल करेगी। जलालाबाद में वाल्मीकि समाज ने कैंडल मार्च निकालकर हत्यारों को फांसी देने की मांग की। महर्षि वाल्मीकि नवयुवक संघ के बैनरतले वाल्मीकि समाज के महिला-पुरुषों ने महर्षि मंदिर आर्य नगर में इकट्ठा होकर कैंडल जलाई और बिटिया की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद आर्यनगर, मोती बाजार, बंबा चौक, नया बस स्टैंड, नगर पंचायत हाल तक कैंडल मार्च निकाला। यहां आयोजित सभा के बाद थानाध्यक्ष को एक मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम सौंपा। ज्ञापन में हत्यारों को फांसी देने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ की धनराशि व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। कैंडल मार्च में गोविंद राम, शिव कुमार, सुरेश, श्यामलाल, पप्पू, राजकुमार, बृजेश, आदि शामिल रहे।
आरोपी को गिरफ्तार किया
थानाभवन। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को किशोरी को भगाकर ले जाने के आरोप में गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। तीन दिन पूर्व थानाभवन क्षेत्र के एक गांव से किशोरी लापता हो गई थी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत मे लेकर पूछताछ की, तो आरोपी युवक के बताए गए पते से किशोरी को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी युवक नवीन का चालान कर दिया गया।
जलालाबाद में हाथरस कांड को लेकर कैडल जलाती महिलाएं- फोटो : SHAMLI
शामली बनत नगर पंचायत कार्यालय में हाथरस कांड को लेकर कैडल जलाते वाल्मीकि समाज के लोग- फोटो : SHAMLI