कंडेला में तैयार जिला उद्योग केंद्र
हैंडओवर की प्रक्रिया अंतिम चरण में, शुरुआती संचालन मुजफ्फरनगर स्टाफ देखेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन जिला उद्योग केंद्र का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। भवन की औपचारिक हैंडओवर प्रक्रिया इसी माह पूरी की जाएगी, जिसके बाद अगले माह प्रदेश के सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री राकेश सचान केंद्र का लोकार्पण कर सकते हैं।
निर्माण एजेंसी द्वारा भवन की पत्रावली को कानपुर निदेशालय में हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया अभी लंबित है। जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक जैस्मिन फौजदार ने बताया कि भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, लेकिन हैंडओवर के लिए आवश्यक दस्तावेज अब तक पूरी तरह नहीं सौंपे गए हैं। यह प्रक्रिया जुलाई के अंत तक पूरी कर ली जाएगी।
शामली जनपद के गठन से पहले कंडेला औद्योगिक क्षेत्र मुजफ्फरनगर के अधीन था। 1984 से स्थापित इस औद्योगिक आस्थान में वर्तमान में करीब 155 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। वर्ष 2011 में शामली जिला बनने के बाद जिला उद्योग केंद्र की स्थापना की मांग उठी थी। शासन ने प्रस्ताव मंजूर कर दोमंजिला भवन के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया था।
शासन स्तर पर नए पदों के सृजन की प्रक्रिया अभी लंबित है। जब तक स्थायी स्टाफ की नियुक्ति नहीं होती, तब तक मुजफ्फरनगर जिला उद्योग केंद्र का स्टाफ सप्ताह में तीन-चार दिन शामली में आकर कार्य करेगा।