शामली। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलरी एसोसिएशन की ओर से सराफा व्यापारियों के सेमिनार में सराफा व्यापारियों की समस्याओं को उठाया गया। इसमें मौजूदा दौर में बड़ी कंपनियों से मुकाबला करने, महंगे सोने-चांदी के जेवरात की कैसे अच्छी बिक्री करने और व्यापारियों को कैसे ऊंचाई में ले जाया जा सके, इस बाबत विचार-विमर्श किया गया।
रविवार को कैराना रोड पर होटल में आयोजित सेमीनार में एसोसिएशन के लखनऊ से आए उत्तर पूर्व के हेड अनुराग रस्तोगी ने कहा कि भारतीय बाजार में बड़ी कंपनियां छोटे और माध्यम वर्ग के सराफा व्यापारियों पर हावी होती जा रही हैं। वे छोटे व मध्यम वर्ग के दुकानदारों में बहुत तेजी से अपना दायरा बढ़ा रही हैं। अगर मध्यम व्यापारी ने अपने कार्यशैली की रूपरेखा पर ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में व्यापारिक स्थिति के लिए गंभीर चिंतन रहेगा। सेमिनार में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुजफ्फरनगर से आए मनोज पुंडीर, मैक्स मुंबई से आए अमरपाल सिंह, भारतीय मानक ब्यूरो के श्रीकांत मिश्रा ने व्यापारियों को सरकार द्वारा गाइडलाइंस के बारे में जानकारी देकर साझा किया। एसोसिएशन के शामली जिलाध्यक्ष पवन संगल ने सभी व्यापारियों से अनुरोध किया कि सराफा व्यापारी एकजुट होकर काम करें। प्रतिस्पर्धा में आपसी नुकसान न करें। इस मौके पर रवि शंकर और स्वर्णकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरीश वर्मा मौजूद रहे l संचालन वैभव प्रकाश गोयल और अंकित मित्तल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मौके पर शामली, थाना भवन, गढ़ीपुख्ता, कैराना व कांधला के सराफा व्यापारी मौजूद रहे।