कैराना के जहानपुरा में फायरिंग के बाद सीएचसी में उपचार कराते घायल-संवाद
कैराना (शामली)। गांव जहानपुरा में शनिवार देर रात घेर में वॉलीबाल खिलाने से मना करने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस दौरान गोली एवं छर्रे लगने से दो महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, पीड़ित पक्ष ने दो सगे भाइयों सहित चार लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज कराया।
गांव जहानपुरा निवासी फारूख अली के घेर में शनिवार देर रात उसके बच्चे लाइटों की रोशनी में वॉलीबाल खेल रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे तथा साथ में वॉलीबाल खेलने के लिए कहा, जिस पर उन्होंने निजी घेर होने का हवाला देते हुए साथ में खिलाने से मना कर दिया। इसी को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोपी उस समय तो चले गए लेकिन रात में करीब 11 बजे तमंचे व बंदूक लेकर वहां आ धमके। उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान करीब दस राउंड फायरिंग हुई। जिससे गांव में दहशत बन गई। गोली एवं छर्रे लगने से फारूख पक्ष के रविश, वैसर, सज्जान, शब्बू के अलावा महिला नौशीदा व तबस्सुम घायल हो गए। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया।
सूचना पर रात में ही सीओ अमरदीप मौर्य भी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के बारे में जानकारी ली। वहीं, अस्पताल में भर्ती घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि पीड़ित पक्ष के फारूख की तहरीर पर गांव जहानपुरा निवासी शमीम, उसका भाई अनीस तथा दानिश व आरिश के विरुद्ध जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीमें लगाई गई है।
-