कैराना। भूूूरा गांव में दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए ही शुभम ने अपने दोस्त से गोली लगवाई थी। पुलिस ने घायल के भाई की तहरीर पर दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार को भूरा गांव में खेत पर काम कर रहा 20 वर्षीय शुभम गोली लगने से घायल हो गया था। मौके पर पहुंची कैराना पुलिस को घायल के परिजनों ने दो युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया था। कैराना कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि पुलिस की जांच में मामला दूसरे पक्ष को फंसाने का निकला। पुलिस के मुताबिक एक व्यक्ति ने शुभम के खिलाफ लड़की को बहला फुसला कर ले जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया था। शुभम को पता चलने पर उसने युवती के परिजनों पर दबाव बनाने के लिए अपने दोस्त संदीप प्रधान से उसे गोली मारकर क्रास केस लिखवाने के लिए कहा। जिस पर संदीप ने उसे गोली मार दी। इस मामले घायल के भाई रिंकू ने गोली मारने वाले आरोपी संदीप के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।