थानाभवन। नगर पंचायत क्षेत्र में बिना अनुमति के वर्षों पूर्व काटी गई अवैध कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाएं न मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती देख अब नगर पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
शनिवार को कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कुछ निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया तथा अनुमति संबंधी कागज़ों की पूर्ति न होने पर आगे बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। नगर पंचायत की ओर से कॉलोनाइजर को पूर्व में ही स्वीकृति पत्र एवं नक्शे संबंधी दस्तावेज जमा करने के नोटिस जारी किए गए थे लेकिन तय समयावधि में किसी ने भी जवाब नहीं दिया। इसके बाद शनिवार को अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा नगर पंचायत कर्मचारियों की टीम के साथ जस्सूवाला मंदिर के सामने भूमिया खेड़ा के पास सतीश गोयल द्वारा काटी गई कॉलोनी में पहुंचे और जेसीबी के माध्यम से निर्माण कार्य को गिराया।
कार्रवाई के दौरान अधिशासी अधिकारी ने लाजपत राय इंटर कॉलेज के पास टीचर कॉलोनी सहित अन्य नई कॉलोनियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कॉलोनियों में नाली, सड़क, पानी निकासी, स्ट्रीट लाइट, पानी की टंकी, पाइपलाइन आदि की पूरी व्यवस्था नहीं की गई तो संबंधित कॉलोनी को अवैध मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा के साथ संजय कुमार, वासिक अहमद, मनीष शर्मा, फैजान, उमर पासा, अंशुल, श्रीकांत आदि मौजूद रहे।