किसान आंदोलन की जमीन पर खड़ी हुई उम्मीदों की इमारत
शामली। किसान आंदोलन को लेकर मुखर हो रहे विपक्षी दल जिला पंचायत चुनाव में पूरे दमखम से मैदान में उतर गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के इस चुनाव में विपक्षी दलों को किसानों का भरपूर समर्थन मिलने की उम्मीद है। इसलिए रालोद, सपा के साथ ही कांग्रेस और बसपा ने भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। भाजपा भी पूरी ताकत से मैदान में उतरी है और सबसे ज्यादा 18 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं।
दिल्ली सीमा पर चल रहे किसान आंदोलन के सहारे विपक्षी दल भाजपा को घेरने की कोशिश में लगे हैं। किसान आंदोलन को लेकर जिले में सबसे ज्यादा रालोद की सक्रियता नजर आई। रालोद उपाध्यक्ष की गांव भैंसवाल में हुई रैली के बाद से रालोद में नई ऊर्जा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी किसानों के समर्थन में मुजफ्फरनगर जिले के बघरा में जनसभा की थी। समाजवादी पार्टी भी किसान आंदोलन को लेकर पूरी तरह सक्रिय रही। किसान आंदोलन और भाजपा के विरोध की नींव पर विपक्षी दलों ने अपना जनाधार वापस पाने को पूरी ताकत लगा दी है। शुरुआत में सपा और रालोद के मिलकर चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थी, लेकिन दोनों दलों ने अलग-अलग प्रत्याशी उतारे हैं। वार्ड नंबर एक, चार और 19 पर जरूर दोनों दल एक ही प्रत्याशी को समर्थन दे रहे हैं।
रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन का कहना है कि रालोद पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रही है और समर्थित प्रत्याशियों के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से लगे हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक का कहना है कि 13 सीटों पर समर्थित उम्मीदवार उतारे गए हैं। इसके अलावा अन्य वार्डों पर भी समर्थन की शीघ्र घोषणा की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा रहे हैं। बसपा ने अभी 10 प्रत्याशियों की सूची जारी की है, जबकि सपा ने 16 सीटों पर समर्थित उम्मीदवार उतारे हैं। बसपा जिलाध्यक्ष राकेश पाल का कहना है कि अन्य समर्थित उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी की जाएगी।
भाजपा भी मुकाबले को तैयार
विपक्षी दलों के मुकाबले को भाजपा भी पूरी ताकत से तैयार है। जिले की 19 जिला पंचायत सीटों में से 18 पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के साथ ही अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में सभी उम्मीदवारों ने एक साथ नामांकन कराया। भाजपा संगठन ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर का कहना है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सभी प्रत्याशियों एवं संगठन के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। भाजपा जिला पंचायत की 18 सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही है।