शामली। बागपत में आयोजित अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में बीएसएम स्कूल की टीम ने उत्तराखंड की टीम को हराकर खिताब जीत लिया। इस प्रतियोगिता के सभी मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बीएसएम स्कूल के खिलाड़ी गौरव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
उपप्रधानाचार्य विकास मोहन केडिया ने बताया कि बागपत में अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बीएसएम स्कूल की टीम ने पूरी सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया और वह फाइनल में पहुंची। फाइनल में बीएसएम का मुकाबला उत्तराखंड की टीम से हुआ।
फाइनल मैच में पहले खेलते हुए उत्तराखंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 114 रन बनाए। इसके जवाब में बीएसएम स्कूल की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया। बीएसएम की ओर से प्रशांत ने 39 गेंदों पर 78 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इसके साथ ही बीएसएम की टीम को विजेता का खिताब दिया। मंगलवार को स्कूल में लौटने पर टीम का स्वागत किया गया। इस दौरान चेयरमैन सूर्यवीर सिंह व मैनेजर छाया सिंह ने टीम को बधाई दी।