जलालाबाद। गांव गंदेवड़ा निवासी अंशुल (18) पुत्र रविंद्र अपने साथी गोलू पुत्र अमित के साथ बाइक से बृहस्पतिवार की शाम जलालाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों अहमदपुर रेलवे फाटक पार कर मदरसे के पास पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद राहगीरों ने हादसे की सूचना डायल 112 को दी। इसके बाद दोनों घायलों को ई-रिक्शा की मदद से थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंच गई।
अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने अंशुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल गोलू का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। अंशुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के भाई अक्षय कुमार ने बताया कि परिवार में तीन बहन और दो भाई हैं। दो बहनों की शादी हो चुकी है। अंशुल रामपुर मनिहारान स्थित गोचर महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। जांच अधिकारी अरविंद ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।