कैराना/शामली। पुलिस ने गांव गोगवान में तीन दिन पहले खेत पर काम करने गए सरवेज की गोली मारकर हत्या करने का खुलासा करते हुए उसके छोटे भाई को हत्या में प्रयुक्त तमंचे समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि खेत की जमीन और घर के बंटवारे का दबाव बनाने पर सगे भाई ने युवक की हत्या की थी।
16 जून को गांव गोगवान में अपने खेत पर गए 26 वर्षीय सरवेज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर एएसपी राजेश श्रीवास्तव, सीओ प्रदीप सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थे और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया था। घटना की रिपोर्ट मृतक के पिता वाजिद उर्फ माजिद ने कोतवाली में तीन अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध दर्ज कराई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई सरवर को हत्या में प्रयुक्त तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
------
हत्या की ये बनी वजह
सीओ प्रदीप सिंह के अनुसार पूछताछ के दौरान हत्यारोपी सरवर ने बताया कि उसका बड़ा भाई सरवेज विवाहित था। उसके दो छोटे भाई व दो बहन हैं। सरवेज पिता की 39 बीघा जमीन व मकान का बंटवारा कर अलग होने का दबाव बना रहा था। इसे लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था। घटना से चार दिन पहले भी बंटवारे को लेकर खेत पर उसका सरवेज से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने सरवेज को रास्ते से हटाने की ठान ली थी। 16 जून को अपराह्न साढ़े 3 बजे वह सरवेज के पीछे वह घर से तमंचा लेकर खेत पर गया था। वहां सरवेज मोबाइल पर बात कर रहा था। उसी दौरान उसने सरवेज की कमर पर फायर कर दिया। बाद में सरवर ने घर पहुंचकर बताया कि खेत पर किसी की लाश पड़ी है और खेत पर मत जाना। बाद में उसका पिता अन्य लोगों के साथ खेत पर पहुंचा तो उन्हें सरवेज की हत्या का पता चला।