कांधला। दूरसंचार विभाग की उदासीनता के कारण कस्बे में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने दूरसंचार विभाग केंद्रीय मंत्री को शिकायतीपत्र भेजकर सेवाएं सुचारु कराए जाने की मांग की है।
पिछले तीन दिन से कस्बे में ब्राडबैंड सेवा बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर व बैंकों में सर्वर डाउन होने के कारण लोग घंटों तक इंतजार करने के बाद अपने घर लौटने को मजबूर रहते हैं। उपभोक्ताओं ने दूरसंचार विभाग के कार्यालय पर जाकर जूनियर इंजीनियर नीरज शर्मा से जाकर बात करनी चाही। आरोप है कि उनके कार्यालय पर ताला लटका मिला। कार्यालय में अन्य कमरे भी खाली पड़े थे। एक्सचेंज में एक मात्र लाइनमैन श्रीपाल मिले। उन्होंने बताया कि बुढ़ाना मार्ग पर एक किसान द्वारा खेत की नाली की सफाई करते समय तार कट गया है, जिस कारण समस्या पैदा हुई है। व्यवस्था कब तक सुचारु होगी, इस पर उनके पास कोई जवाब नहीं था। विभाग की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। इस मामले को लेकर उपभोक्ता साबिर जंग, वादिल जंग, गौरव जैन, राहुल कुमार व रोबिन सैनी आदि ने दूरसंचार विभाग मंत्री रवि शंकर प्रसाद को पत्र भेजकर व्यवस्था को सुचारु कराए जाने की मांग की है।