शामली। कर्मचारियों व अधिकारियों को अपना प्रमोशन कराना है तो सरकार द्वारा कराए जाने वाले खेलों में हिस्सा लेकर पदक जीतना होगा। जनपद स्तर पर पदक जीतने के बाद मंडल पर चयन होगा और उसके बाद उनका राज्य स्तर पर चयन किया जाएगा। वह पदक जीतते हैं तो उनको प्रमोशन सरकार देगी। इसके लिए जनपद शामली में 28 जुलाई को ऊधम सिंह स्टेडियम में प्रतियोगिता होगी।
प्रदेश सरकार राज्य कर्मचारियों व अधिकारियों को भी खेल में पदक जीतने के लिए मौका दे रही है और यदि वह राज्य स्तर पर पदक जीतकर आते हैं तो उनको एग्रीमेंट के साथ प्रमोशन भी अंकों के अनुसार दिया जाएगा। सरकार टेनिस, वालीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबिल-टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी की प्रतियोगिता करा रही है। इन सभी खेलों की प्रतियोगिता 28 जुलाई को शामली के ऊधम सिंह स्टेडियम में कराई जाएगी।
इन खेलों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर अधिकारी वर्ग हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते है। यहां खेलों में चयनित होने के बाद 31 जुलाई को मंडल स्तर पर होने वाले खेल में हिस्सा लेंगे और यदि वहां कर्मचारी व अधिकारी चयनित हो जाते हैं तो वे राज्य स्तर पर 18-19 अगस्त को हिस्सा लेंगे। जिसके बाद संंबंधित खेल की प्रदेश के मंडल पर प्रतियोगिता होगी और वहां यदि कर्मचारी और अधिकारी पदक जीतते हैं तो उनको एग्रीमेंट व प्रमोशन भी मिलेगा। इसके बाद उनको अंतरराज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खेलने का मौका सरकार देगी। उसको छुट्टी के साथ उनको आने जाने का किराया, खाना आदि सुविधा दी जाएगी।
- खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की योजना
उप क्रीड़ी अधिकारी अश्वनी त्यागी ने बताया कि सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने व कर्मचारियों व अधिकारियों को खेल के प्रति जागरूक करने के लिए योजना शुरू की है। यदि वह पदक जीतते हैं तो उनको प्रमोशन व एग्रीमेंट भी दिया जाएगा। उन्होंने सभी से 28 जुलाई को होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की है, ताकि वह प्रदेश स्तर पर पदक जीत सकें।