शामली। दीवाली पर मंगलवार को शहर रोशनी से जगमगा उठा। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सजावट कर रंगीन इलेक्ट्रिक झालरें लगाई। उधर, बाजार में दिन भर ग्राहकों की भीड़ के कारण खासी चहल पहल रही। इसकी वजह से कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी उत्पन्न हो गई।
शहर के गांधी चौक, बड़ा बाजार, नया बाजार, सुभाष चौक, धीमानपुरा, सिटी मार्केट, वीवी इंटर कॉलेज रोड, हनुमान रोड, रेलवे रोड ,टंकी रोड, बुढ़ाना रोड, कैराना रोड, करनाल रोड, दिल्ली रोड और माजरा रोड पर दुकानों पर हुई सजावट से शहर जगमगा उठा।
बाजारों में खरीददारी के लिए दुकानों पर भीड़ रही। बच्चे और महिलाएं परिवार के साथ पटाखे, कपड़े और घर की साज सज्जा में इस्तेमाल सामान की खरीददारी करते रहे। उधर, मिल रोड, हनुमान रोड, सुभाष चौक, भिक्की मोड़, धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग, अजंता चौक, विजय चौक पर ट्रैफिक संचालन में अव्यवस्था रही। पुलिसकर्मी यातायात सुचारू बनाने में नाकाम साबित हुए।
नरक चर्तुदशी पर विशेष पूजन
शामली। मंगलवार को नरक चर्तुदशी हनुमान जी की जयंती पर सुबह से शाम तक विशेष पूजा - अर्चना हुई। शाम के समय मंदिरों में हनुमान जी की विशेष पूजा के लिए नगर के करनाल रोड पर श्री बालाजी धाम- हनुमान धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा, संकट मोचन बजरंग बाण, सुंदर काड का पाठ किया। हनुमानजी को प्रसाद बांटकर मनोकामना मांगी। घरों में दीपक जलाकर विशेष पूजा- अर्चना की इस मौके पर मेले आयोजित किया।