दिल्ली के जंतर मंतर पर 10 दिसंबर को धरना देंगे ईंट भट्ठा व्यापारी
शामली। शामली ईंट निर्माता समिति ने सरकार पर नए कानून बनाकर थोपे जाने का आरोप लगाते हुए 10 दिसंबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन किए जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने मांगे पूरी न होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है।
शुक्रवार को कैराना रोड स्थित रेस्टोरेंट में शामली ईंट निर्माता समिति के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मलिक ने कहा कि अखिल भारतीय ईंट व टाइल निर्माता संघ नई दिल्ली के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ईंट निर्माता समिति के आह्वान पर ईंट भट्ठा व्यापारियों द्वारा 10 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए विरोध करते हुए अपनी मांगों का समर्थन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी निर्माण कार्य में फ्लाई ऐश ईट ब्लाक का प्रयोग पूर्णतया बंद किया जाए। इसमें रेडियो एक्टिविटी होने के कारण दमा, कैंसर, चर्म रोग जैसी बीमारी होती है। ईट भट्ठों में मिट्टी खनन से पूर्व स्वच्छता प्रमाण पत्र को समाप्त किया जाए। इस अवसर पर महामंत्री सुनील गोयल, कृष्ण कुमार शर्मा, हरेंद्र सिंह, महिपाल सिंह, वेदपाल चेयरमैन, विरेंद्र फौजी, मांगेराम, अनिल कुमार, सतेंद्र, संदीप कुमार, अजय कुमार, योगेंद्र, गुलाब सिंह, संजय प्रधान, नीरज बालियान, वाहिद राणा, ब्रजपाल सिंह, अर्पित भारद्वाज, अजय कैराना, अब्दुल सत्तार, नरेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, इमरान, गुलजार अहमद आदि मौजूद रहे।