शामली वीवी डिग्री कॉलेज में आयोजित अमर उजाला की पुलिस पाठशाला के कार्यक्रम में शामिल एएसपी
शामली। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा यदि पहली बार ही हम अपनी चुप्पी तोड़कर घटना का विरोध करते हैं तो अपराधों पर ब्रेक लग जाएगा। सभी को अपने साथ होने वाली किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए। महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता में हैं।
शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वीवी पीजी कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में उन्होंने कहा कि सभी के पास महिला थाने का नंबर होना चाहिए। सभी छात्राओं को साइबर क्राइम से बचने के लिए जागरूक किया। टीआई सुबोध कुमार शर्मा ने सभी को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।
साइबर क्राइम एक्सपर्ट इंस्पेक्टर संजीव भटनागर और महिला कांस्टेबल तोशी ठाकुर ने साइबर क्राइम के प्रकार बताते हुए इससे बचने के लिए जागरूक किया।
मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल न करने, रात में डाटा बंद रखने, अपने खाते की जानकारी साझा न करने की अपील की। महिला थाना प्रभारी निधि चौधरी व टीनू चौधरी ने सभी छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। संचालन छात्रा गिनिशा व मिशन शक्ति नोडल अरशी खान ने किया। प्राचार्य नीना छोकरा ने, डाक्टर छवि, प्रताप सरोहा आदि मौजूद रहे।