थानाभवन। एक व्यक्ति ने मजदूरी के पैसे मांगने पर जूते से मारने और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
मामला क्षेत्र के गांव जाफरपुर का है। राकेश ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपने गांव के ही राजकुमार से मजदूरी के 750 रुपये मांगने उसके घर गया था। आरोप है कि राजकुमार ने उसके साथ अपने घर पर ही सभी के सामने जूते से मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसे थप्पड़ भी मारे। इसकी सूचना उसने पुलिस को फोन पर दी थी। पुलिस को सूचना देने से गुस्साए आरोपी ने उसेजान से मारने की धमकी दी। बाद में राकेश ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने हलका इंचार्ज को मामले में जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी राजकुमार शर्मा को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।