शामली। नवरात्र में ऑटोमोबाइल्स के कारोबार में उछाल आया है। बाइक जहां युवकों की पसंद बनी हुई है वहीं महिलाओं और युवतियों में स्कूटी का क्रेज बना हुआ है। त्योहार का सीजन शुरू होते ही ऑटो एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लग रही है। अलग-अलग आकर्षक कलर में नए-नए डिजाइन में बाइकें और स्कूटी युवा वर्ग को आकर्षित कर रही है। साथ ही कंपनियों की ओर से तमाम ऑफर देकर ग्राहकों को लुभाया जा रहा है। लोगों की तरफ से भी वाहनों की बुकिंग कराई जा रही है। शनिवार को अमर उजाला ने ऑटो मोबाइल्स कारोबार की पड़ताल की तो कारोबारी उत्साहित नजर आए । कारोबारियों ने इस बार 25 प्रतिशत अधिक कारोबार होने की उम्मीद जताई है।
झिंझाना रोड ऑटो एजेंसी पर आए प्रमोद कुुमार ने बताया कि उन्हें ब्लैक कलर की बाइक ज्यादा पसंद है। रविंद्र ने बताया कि उन्हें ब्लैक के साथ लाल रंग वाली बाइक पसंद है। एजेंसी संचालक पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार 200 सीसी बाइक के तीन नए मॉडल आए है। इसके साथ ही कंपनी का स्कूटर भी पसंद किया जा रहा है। इस बार कारोबार में 25 प्रतिशत से ज्यादा कारोबार होने की उम्मीद है।
दिल्ली रोड स्थित एजेंसी पर बातचीत में पता चला कि बाजार में बीएस-6 स्कूटर पहली बार आया है। बाइकों में सिंपल कलर के साथ लिमिटेड एडीशन के कलर आए हैं, जो युवाओं की पसंद बने है। पांच गियर वाली बाइक भी उपलब्ध है। एजेंसी के सेल्स एक्जीक्यूटिव शिव चौहान ने बताया कि उनके यहां स्कूटर अधिक पसंद किया जा रहा है। अभी तक लगभग 105 वाहनों की बिक्री हुई है, जिसमें दो तिहाई स्कूटर हैं।
इसी रोड पर स्थित एक अन्य बाइक एजेंसी के शोरूम मेें नए वर्जन और नए कलर में बाइक खरीदने और जानकारी लेने के लिए ग्राहक आए थे। स्कूटी देखने पहुंची बड़ा बाजार निवासी रिचा अग्रवाल का कहना था कि उन्हें स्कूटी पसंद है। एजेंसी संचालक महिपाल चौहान ने बताया कि स्कूटी ओर बाइकों में ब्लैक मैट, ब्लू मैट, ग्रे मैट कलर पहली पसंद बना हुआ है। उन्होंने पिछले साल के मुकाबले अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जताई।
इलेक्ट्रिक स्कूटी ने भी बाजार में रखा कदम
ऑटोमोबाइल के बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटी ने भी कदम रख दिया है। भैंसवाल रोड स्थित शोरूम के सेल्स एक्जीक्यूटिव अमित कुमार ने बताया कि बैटरी चलित स्कूटी कई मॉडल में आई है। इनमें दो मॉडल ऐसे है, जिनमें डीएल की जरूरत नहीं होती। नवरात्र में उनकी कई स्कूटी की बिक्री हुई है, इससे उन्हें उम्मीद है कि त्योहार के सीजन में कारोबार अच्छा रहेगा।
कार बाजार में भी आया उछाल
कैराना रोड स्थित कार शोरूम के सेल्स हेड रजनीश चौहान ने बताया कि नवरात्र में पिछली बार करीब 15 कार की बिक्री हुई थी। इस बार अब तक 17 गाड़ी बिक चुकी है जबकि नवरात्र के अभी दो दिन बाकी है। उन्हें इस बार नवरात्र में 20 से अधिक कार की बिक्री होने की उम्मीद है।