शामली। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कैराना रोड स्थित बंधन बैंक पर ताला लगवा दिया। ताला लगवाने का कारण बताया गया कि यह बैंक नहीं है, बल्कि फाइनेंस कंपनी का आफिस है। बाद में बैंक कर्मियों ने आला अधिकारियों से शिकायत की तथा अपर जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया। उन्होंने कह दिया कि आप बैंक खुलवा सकते हैं।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे शामली कोतवाली से इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक डीएस कालिया तथा चार सिपाही कैराना रोड स्थित बंधन बैक शाखा पर पहुंचे। वहां मौजूद बैंक कर्मियों से कहा कि फाइनेंस कंपनी के नाम पर बैंक चला रहे हो, इसे बंद करो। इसके बाद सभी कर्मियों को बैंक शाखा से बाहर निकलवा दिया और ताला लगवा दिया। बैंक शाखा प्रबंधक जावेद खान तथा अन्य कर्मियों ने खूब कहा कि आरबीआई से बंधन बैंक को लाइसेंस मिला है, यह अवैध नहीं है। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने एक नहीं सुनी और बैंक पर ताला लगवा दिया।
बैंक कर्मियों से कहा कि बैंक के लाइसेंस तथा अन्य अनुमति संबंधी कागजातों का सत्यापन कराओ। उधर, बैंक शाखा प्रबंधक जावेद खान ने बताया कि उन्होंने आला अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया। उसके बाद वह अपर जिलाधिकारी भरतजी पांडेय से मुलाकात कर बैंक के कागजात दिखाए। जावेद खान ने बताया कि अपर जिलाधिकारी ने उन्हें कह दिया है कि आप अपना बैंक खोल सकते हैं।
वारदातों से बेचैन
करीब एक माह पूर्व ही बदमाशों ने कैराना में बंधन बैंक में पहुंचकर 52 हजार रुपये कैश लूट लिया था। तब भी पुलिस का फोकस इसी बात पर था कि बंधन बैंक नहीं, बल्कि फाइनेंस कंपनी है। उधर, सोमवार को सहारनपुर के देवबंद में भी बदमाशों ने बंधन बैंक पर धावा बोलकर 2.20 लाख रुपये लूट लिए। माना जा रहा है कि वारदातों के कारण ही पुलिस बेचैन हो गई और बंधन बैंक पर ताला लगवाने की कार्रवाई कर डाली।
बंधन बैंक नहीं, बल्कि फाइनेंस कंपनी है। पूर्व में भी इनके कर्मियों से कहा गया था कि यदि बैंक को लाइसेंस मिला है, तो उससे संबंधित कागजात दिखाओ, मगर अब तक कागजात नहीं दिखाए गए। - विजय भूषण, पुलिस अधीक्षक