यमुना से डेढ़ किमी दूर टावर के पास मिला शव, परिजन बिना पुलिस कार्रवाई ले गए
यमुना में स्नान के दौरान शनिवार को डूबा था छात्र
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को यमुना में स्नान के दौरान डूबे हरियाणा के पानीपत तहसील कैंप निवासी कक्षा 11 के छात्र विमल का शव 30 घंटे बाद यमुना पुल से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला है। छात्र अपने अपने चचेरे भाई विवेक को बचाने के प्रयास में यमुना में डूब गए थे। विवेक को गोताखोरों ने सकुशल बाहर निकाल लिया था। इसके बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ पानीपत ले गए।
जनपद बरेली की तहसील आंवला के गांव मंशाराम निवासी नरदेव पिछले करीब 15 वर्षों से पानीपत के तहसील कैंप क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे हैं। वह ई-रिक्शा चलाते हैं। शनिवार को भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर नरदेव अपने और अपने भाई के परिवार के 14 सदस्यों के साथ यमुना में स्नान करने कैराना आए थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्नान करते समय नरदेव का भतीजा विवेक यमुना में डूबने लगा।
उसे बचाने के लिए नरदेव का बड़ा बेटा कक्षा 11 का छात्र विमल गहरे पानी में चला गया। उसने विवेक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह खुद गहरे पानी में डूब गए थे। गोताखोरों ने विवेक को सकुशल बाहर निकाल लिया। विमल का पता नहीं चलने पर गोताखोर मुस्तकीम, साजिद, मासूम और इमरान आदि ने ऑक्सीजन सिलिंडर की मदद से यमुना में उसकी तलाश शुरू की। शनिवार शाम करीब सात बजे तक तलाश के बावजूद विमल का कोई सुराग नहीं मिला था। इसके बाद रात में सर्च अभियान रोक दिया गया।
रविवार सुबह करीब नौ बजे गोताखोरों ने फिर से यमुना में विमल की तलाश शुरू की। करीब 30 घंटे बाद रविवार दोपहर तीन बजे यमुना पुल से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे टावर के पास विमल का शव बरामद हुआ। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ पानीपत ले गए। जांच अधिकारी थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिया गया।