हर महीने होगी पढाने और सीखने की क्षमता की समीक्षा
596 परिषदीय स्कूलों में 78 हजार से अधिक बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर रहेगी नजर
परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारने की कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए अब हर माह शैक्षिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जनपद के 596 परिषदीय विद्यालयों में 78 हजार से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं, जिनकी शिक्षा की जिम्मेदारी लगभग 3000 शिक्षकों पर है। विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सीखने की क्षमता पर भी नजर रखी जाएगी।
शिक्षा विभाग ने विद्यालय से लेकर ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक समीक्षा की व्यवस्था बनाई है। प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें विद्यालय की शैक्षिक प्रगति का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। शैक्षिक कैलेंडर के पालन, पाठ्यक्रम के लक्ष्यों की पूर्ति और बच्चों को पढ़ाई में आ रही दिक्कतों की समीक्षा की जाएगी। कमियां मिलने पर उन्हें दूर करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
समीक्षा में निपुण भारत मिशन, छात्र नामांकन और उपस्थिति, बालिका एवं समावेशी शिक्षा, डिजिटल संसाधनों के इस्तेमाल, प्री-प्राइमरी शिक्षा और पीएम पोषण योजना को भी शामिल किया जाएगा। अधिकारियों की ओर से विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति और नामांकन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि बच्चों की शैक्षिक प्रगति के साथ नामांकन, उपस्थिति और पीएम पोषण योजना के संचालन की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।