शामली। बॉडी बिल्डर में मिस्टर इंडिया अमित गुप्ता का कहना है कि अन्य खेलों की तरह बॉडी बिल्डिंग को भी सरकारी स्तर पर सुविधा मिलनी चाहिए। ताकि अन्य देशों की तरह ही भारत से भी बॉडी बिल्डरों की प्रतिभा में निखार आ सके।
ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्कूल में चल रही प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहुंचे द्वारिका (दिल्ली) निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि 2014 में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुई चैंपियनशिप में उन्हें मिस्टर इंडिया का खिताब मिला था। इसके पूर्व दो बार वह मिस्टर दिल्ली और एक बार 2012 में मिस्टर हरियाणा भी चुने जा चुके हैं।
बातचीत में अमित गुप्ता ने बताया कि प्राचीन समय से लोग व्यायाम करते आए हैं, आज उसे बॉडी बिल्डिंग का नाम दिया हुआ है। बॉडी बिल्डिंग पर दुनिया के दूसरे देशों का कब्जा है, लेकिन भारत से अपेक्षित प्रतिभाएं नहीं निकल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अन्य खेलों की तरह यदि बॉडी बिल्डिंग में भी युवाओं को आगे लाने के लिए सरकार की ओर से सुविधा दिलाई जाएं, तो नतीजे बेहतर सामने आएंगे।