शामली। नगर निकाय चुनाव के लिए प्रशासन ने रोड मैप तैयार कर लिया है। जिले के सभी निकायों में निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए 12 जोन और 31 सेक्टर बनाए गए हैं। नगर पालिका परिषद शामली और कैराना को दो-दो जोन में बांटकर व्यवस्था बनाई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति का आदेश बुधवार को जारी कर दिया। उसमें शामली नगर पालिका परिषद के दो जोन बनाए गए हैं, जिसमें पहले जोनल मजिस्ट्रेट डाक्टर आर सिंह के साथ वाणिज्यकर अधिकारी धर्मपाल सिंह व सुभाष शर्मा, पशु चिकित्साधिकारी उदयभान भारती को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
वहीं, डिप्टी कमिश्नर एके दोहरे दूसरे जोनल मजिस्ट्रेट रहेंगे, जिनके साथ सहायक अभियंता एसपी सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर नदीम, महिला पॉलीटेक्निक के व्याख्याता योगेंद्र पाल सिंह सेक्टर मजिस्ट्रेट रहेंगे। वहीं, वाणिज्यकर विभाग के सहायक आयुक्त संजय कुमार सिंह थानाभवन जोनल मजिस्ट्रेट होंगे, जिनके साथ विनीत कुमार, डीके त्यागी, प्रवीण कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। बनत के जोनल मजिस्ट्रेट दुर्गेश यादव होंगे, जबकि संजीव कुमार, डाक्टर हेमंत सिंह लाम्बे को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया है।
जलालाबाद के जोनल मजिस्ट्रेट एसएन सिद्दीकी होंगे, जबकि कुलदीप कुमार, डाक्टर उदयबीर सिंह, डाक्टर पुष्पेंद्र सिंह सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे। इसी तरह वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर एपी राय एलम जोनल मजिस्ट्रेट होंगे, जबकि एके धीमान और डाक्टर अजय कुमार सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।
ऊन के जोनल मजिस्ट्रेट प्रभागीय वनाधिकारी अनुज सक्सेना, जबकि राजनारायण दूबे और डाक्टर अमित कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह को गढ़ीपुख्ता जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है, जबकि रामललित वर्मा को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
झिंझाना जोनल मजिस्ट्रेट संजीव कुमार तिवारी बनाए गए हैं, जबकि पशु चिकित्साधिकारी अजय प्रताप सिंह और तहसीलदार न्यायिक कैराना अवधेश कुमार शर्मा को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया है।
कैराना जोनल मजिस्ट्रेट असिस्टेंट कमिश्नर सूरजपाल को बनाया गया है, जबकि जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रसून राय, खंड शिक्षा अधिकारी भारत भूषण त्यागी व योगेश कुमार गुप्ता को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। कैराना नगर पालिका के दूसरे जोनल मजिस्ट्रेट सहायक आयुक्त रवि कुमार बनाए हैं, जबकि चंदन कुमार, कुशलपाल सिंह और रमाकांत वर्मा को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। वहीं, कांधला जोनल मजिस्ट्रेट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर को नियुक्त किया गया है, जबकि डाक्टर विनोद कुमार, डाक्टर विशाल कुमार, अमित कुमार और डाक्टर अमित मलिक को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता संजय मैत्रेय और वाणिज्यकर विभाग के सहायक आयुक्त सूरजपाल सिंह को रिजर्व जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
आज बढ़ेगी नामांकन पत्र जमा करने वालों की रफ्तार
शामली। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन भी नामांकन पत्र तो खूब लिए गए, लेकिन जमा करने वालों में उत्साह नजर नहीं आया। बुधवार को अध्यक्ष पद के 15, तो सभासद के 155 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। वहीं, शामली नगर पालिका, जलालाबाद ,कैराना, कांधला और झिंझाना नगर पंचायत के वार्ड सभासद के लिए 30 नामांकन पत्र जमा भी कराए गए।
कलक्ट्रेट में शामली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल की पत्नी अंजना बंसल के नाम पर नामांकन पत्र के दो सेट और उनकी पुत्रवधू शिप्रा बंसल के नाम एक सेट लिए। जबकि सभासद पद के लिए 36 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। शामली नगर पालिका के वार्ड 11 से हिमांशु जैन और विपिन कुमार, वार्ड 23 से नीलम, वार्ड 18 से इशरतजहां और शमा, वार्ड एक से योगेंद्र, सचिन और ममतेश ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
उधर, जलालाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अब्दुल गफ्फार ने दो सेट, मोहम्मद असलम, रुखसाना ने नामांकन पत्र लिए। जबकि सभासद पद के लिए 10 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। वहीं, जलालाबाद नगर पंचायत के वार्ड सभासद के लिए सुनहेरा, सोनू, साजिद, नसीम, शाहिना परवीन ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
उधर, नगर पंचायत थानाभवन के अध्यक्ष पद के लिए कुसुम ने नामांकन पत्र खरीदा, जबकि वार्ड सभासद पद के लिए 18 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। उधर, नगर पंचायत बनत अध्यक्ष पद के लिए पूर्व चेयरमैन वजाहत खां ने अपनी पत्नी के नाम से नामांकन पत्र खरीदा है, जबकि सभासद के लिए दो नामांकन पत्र की बिक्री हुई।
वहीं, नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने में बृहस्पतिवार से तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव मैदान में उतरने से पहलेे नेताओं ने पंडितों से शुभ मुहूर्त निकलवाया है, जिसमें दो नवंबर का दिन भी शुभ बताया जा रहा है। वहीं, नामांकन पत्र जमा करने की तारीख छह नवंबर है, जिसके चलते आज से इनमें तेजी आनी लाजिमी है।